मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नगर पालिका, नगर परिषद के अध्यक्षों से कहा, चुनौतियों के बीच कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नगर पालिका, नगर परिषद के अध्यक्षों से कहा, चुनौतियों के बीच कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए
भोपाल ।मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा है कि बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए नगरीय निकायों को सशक्त बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संस्थाओं के चुने हुए जन-प्रतिनिधि तेजी से हो रहे परिवर्तन को पहचान और नई सोच और नई दृष्टि से दूरदर्शिता के साथ अपने शहरों का विस्तार करें। श्री नाथ आज मंत्रालय में नगर-पालिका और नगर-परिषद के अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
     मुख्यमंत्री श्री नाथ ने कहा कि पिछले एक साल में नई सरकार ने अपने काम से नियत और नीति का परिचय दिया है। वित्तीय संकट था। किसानों की आत्म-हत्या, बेरोजगारी और महिलाओं के साथ अत्याचार में प्रदेश देश में नंबर-1 था। इन चुनौतियों के बीच सरकार ने बड़े फैसले लिए। ऋण माफी के वचन को पूरा करते हुए 21 लाख किसानों के कर्ज माफ किए गए। कर्ज माफी की प्रक्रिया में कई ऐसी तकनीकी दिक्कतें आई जिनके कारण हमारे सामने कई संकट खड़े हुए। इन सबका निदान हमने किया। इसी माह से हम कर्ज माफी का दूसरा चरण शुरू करने जा रहे हैं। बेरोजगारी की चुनौती से निपटने के उदे्दश्य से निवेश के लिए विश्वास की वापसी की है। श्री नाथ ने कहा कि हमारे यह काम जनता तक पहुँचाने में नगरीय निकायों के पदाधिकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।इस अवसर नगरीय निकाय मंत्री जयवर्धनसिंह ने भी संबोधित किया।
 प्रदेश के नगर पालिका एवं नगर परिषद संगठन की अध्यक्ष श्रीमती हरमीत कौर एवं अन्य अध्यक्षों ने नगरीय निकायों को सशक्त बनाने के सुझाव दिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री का नगर पालिका एवं नगर परिषद संगठन की ओर से शाल-श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया गया।