राजा ,महाराजा की बंद कमरे में बातचीत नहीं हो सकी, दिग्विजय ने कहा- महाराज से बहुत अच्छे संबंध

राजा ,महाराजा की बंद कमरे में बातचीत नहीं हो सकी, दिग्विजय ने कहा- महाराज से बहुत अच्छे संबंध
गुना। पिछले दो-तीन दिनों से पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की बीच गुना में बन्द कमरे बैठक किए जाने  को लेकर अटकलों का बाजार गर्म था।इस कारण इस बैठक पर सभी की निगाहें लगी हुई थी और इस कारण सियासी पारा भी बढ़ा हुआ था। परंतु आज दोनों गुना में मिले तो सही ओर गले मिलने के बाद आंखों आंखों में बात हुई और दोनों आगे बढ़ गए
          कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के बीच अकेले में मुलाकात नहीं हो सकी। समय की कमी के चलते दोनों नेताओं के बीच होने वाली बैठक टाल दी गई है। सोमवार को दोनों नेताओं की मुलाकात सड़क पर हुई। दोनों गर्मजोशी से मिले और एक-दूसरे को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान दिग्विजय के बेटे जयवर्धन सिंह भी मौजूद थे।सिंह गुना से आरोन के लिए रवाना हो गए। वहां से इंदौर जाएंगे।
दिग्विजयने कहा कि उनकी सिंधिया से कोई तनातनी नहीं है। उन्होंने सिंधिया को ‘महाराज’ के नाम से संबोधित किया। कहा- ‘महाराज’ से उनके बहुत अच्छे संबंध हैं।दोनों नेताओं के बीच सर्किट हाउस के बंद कमरे में 45 मिनट तक बैठक होना प्रस्तावित थी। सिंधिया और दिग्विजय की बैठक को लेकर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ा था।
बैठक को लेकर तमाम राजनीतिक मायने निकाले जा रहे थे, लेकिन शहर में लगाए गए होर्डिंग और बैनरों ने कांग्रेस में गुटबाजी को हवा दी। जहां सिंधिया समर्थकों ने शहर को होर्डिंग और बैनरों से पाट दिया, लेकिन इसमें दिग्विजय का फोटो नहीं दिखाई दिया। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सिंधिया चुनाव हारने के बाद दूसरी बार गुना आए।
इस मुलाकात से पहले दोनों नेता 8 साल पहले राजीव गांधी कांग्रेस भवन का लोकार्पण करने आए थे। तब सिंधिया ने कहा था कि वह दिग्विजय के बेटे की तरह हैं।दिग्गी को अपना प्रेरणास्रोत तक कहा था। वहीं, दिग्विजय ने सिंधिया को यूपीए सरकार का सबसे काबिल मंत्री बताया था।
शहर के तेलघानी चौराहे पर देर रात को सिंधिया समर्थक आपस में भिड़ गए। उनमें आपस में खूब लात-घूसे चले। यह तमाशा देख राहगीरों और आसपास के लोग जमा हो गए। देखते ही देखते तेलघानी चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस का सायरन बजने के बाद वहां से लोग तितर-बितर हो गए। इसमें एक कार्यकर्ता को गंभीर चोट आई। जबकि 2अन्य घायल होना बताया जा रहा है। जिस समय यह विवाद हुआ, उस समय गुना विधानसभा से चुनाव हारे कांग्रेस के प्रत्याशी भी मौजूद रहे।